बीकानेर। खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलो हेरोइन, 11 पिस्टल, 100 कारतूस और 33 मैगजीन की खेप पुलिस ने बरामद कर ली है। यह खेप बीकानेर के रास्ते पंजाब के डिलीवरी नेटवर्क तक पहुंचाई जानी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पंजाब की जेल में बंद ‘लक्की’ नामक हैंडलर के निर्देश पर यह खेप मंगवाई गई थी। आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों व नशीले पदार्थों को आगे सप्लाई करने की तैयारी में था।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी तस्करों ने खाजूवाला क्षेत्र के 6 बीडी इलाके में ड्रोन के जरिए यह खेप गिराई थी। पुलिस को पहले से इनपुट मिला था कि बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और 32 हेड के पास से आरोपी को खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि बरामद हथियारों और हेरोइन की खेप पंजाब भेजी जानी थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, पाकिस्तान स्थित तस्करों और पंजाब में बैठे हैंडलरों के बीच संबंधों की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।





