बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित बीकानेर दौरे से पहले शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल रोड स्थित एक खुले नाले की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यह मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है और इसी मार्ग से होकर मुख्यमंत्री का काफिला भी गुजर सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नाले की सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण यहां गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि आसपास रहने वाले लोगों को भी बदबू और गंदगी से परेशानी हो रही है।
लोगों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री का काफिला इसी मार्ग से गुजरता है तो प्रशासन को शहर की वास्तविक स्थिति का भी अंदाजा होगा। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर नाले की सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शहर की छवि भी बेहतर बने।





