बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने बीकानेर के विकास का रोडमैप सामने रखते हुए अपना संकल्प पत्र जारी किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संकल्प पत्र विमोचन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह, मुकेश दाधीच, मिथिलेश गौतम, अविनाश जोशी, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी तथा बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा की ओर से जारी किए गए संकल्प पत्र में विकसित, समृद्ध और स्वच्छ बीकानेर के लक्ष्य को प्रमुखता दी गई। पार्टी ने संकल्प पत्र को बीकानेर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का दस्तावेज बताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि संकल्प पत्र के माध्यम से बीकानेर के विकास को नई दिशा देने और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। चुनावी माहौल के बीच संकल्प पत्र का विमोचन भाजपा के लिए आगामी निकाय चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम माना जा रहा है।




