15.43 करोड़ रुपये के मामले में रीको एमडी से जांच और कार्रवाई की मांगबीकानेर। बीकानेर के नारायणदास तुलसानी ने रीको लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला को आवेदन भेजकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा दर्ज परिवाद से जुड़े मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा कथित रूप से लंबित 15.43 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित करने की मांग की है।आवेदन में बताया गया है कि रीको बीकानेर में पदस्थ अधिकारियों के विरुद्ध राज्य सरकार एवं रीको को राजस्व हानि पहुंचाने संबंधी शिकायत एसीबी राजस्थान को भेजी गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद एसीबी ने परिवाद संख्या H-3688/2025 दिनांक 11 जुलाई 2025 दर्ज किया था।तुलसानी का कहना है कि जांच के दौरान बीकानेर एग्रो फूड्स इंडस्ट्रीज प्रा. लि. को आवंटित भूखंडों के संबंध में 15,43,29,425 रुपये की राशि आरोपित की गई थी। उन्होंने दावा किया कि उक्त राशि आरोपित किए जाने के बाद भी अब तक उसकी वसूली नहीं की गई है, जबकि इस संबंध में उन्होंने रीको मुख्यालय एवं स्थानीय अधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एसीबी राजस्थान द्वारा विभिन्न तिथियों पर जांच संबंधी पत्र भेजे गए थे। प्रार्थी ने इन पत्रों पर की गई कार्रवाई तथा जांच रिपोर्ट की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।तुलसानी ने अपने आवेदन में कहा कि वर्ष 2024 से लगातार विभिन्न स्तरों पर शिकायतें और अभ्यावेदन भेजे जाने के बावजूद उन्हें कोई स्पष्ट निर्णय अथवा स्पीकिंग ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग के परिपत्र तथा राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण करने की मांग की है।प्रार्थी ने प्रबंध निदेशक रीको से मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने, लंबित राशि की वसूली अथवा वसूली नहीं होने के कारण स्पष्ट करने तथा अब तक की गई जांच एवं कार्रवाई की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।



