बीकानेर, 13 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद के 41 सदस्यों और प्रथम चरण की चार पंचायत समितियों के 60 सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हो गई। जिला परिषद सदस्य पद के लिए अंतिम दिन 176 अभ्यर्थियों ने 182 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। इससे पहले सोमवार तक 31 अभ्यर्थियों ने 33 नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए थे। इस प्रकार जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 207 अभ्यर्थियों ने 215 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए।
प्रथम चरण में छत्तरगढ़, खाजूवाला, पूगल और रुणिया पंचायत समिति सदस्यों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हुई। मंगलवार को छत्तरगढ़ में 38 अभ्यर्थियों ने 38, खाजूवाला में 55 अभ्यर्थियों ने 57, पूगल में 29 अभ्यर्थियों ने 30 तथा रुणिया में 60 अभ्यर्थियों ने 69 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। अब तक छत्तरगढ़ में 57 अभ्यर्थियों ने 57, खाजूवाला में 79 अभ्यर्थियों ने 81, पूगल में 55 अभ्यर्थियों ने 56 तथा रुणिया में 96 अभ्यर्थियों ने 105 नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थी गुरुवार, 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
वहीं, पंचायती राज आम चुनाव के द्वितीय चरण के लिए मंगलवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। दूसरे चरण में जिले की हदां, बीठनोक, बज्जू, कोलायत और बीकानेर पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के पहले दिन बीकानेर पंचायत समिति सदस्य पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने तीन नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए। अन्य पंचायत समितियों में पहले दिन कोई नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।



