कोलायत के ग्रामीण विद्यार्थियों को मिला करिअर मार्गदर्शन, बीकाजी-निर्विकल्प की करिअर वैन पहुंची खारी चारणान और कोटड़ीबीकानेर। दीपावली अवकाश के बाद विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से बीकाजी के सहयोग से निर्विकल्प फाउंडेशन, बीकानेर का निःशुल्क करिअर काउंसलिंग अभियान फिर शुरू हो गया है। अभियान के तहत करिअर मार्गदर्शन वैन कोलायत क्षेत्र के खारी चारणान और कोटड़ी स्थित राजकीय विद्यालयों में पहुंची, जहां विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने विभिन्न करिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोलायत में राष्ट्रीय करिअर काउंसलर डॉ. चन्द्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अच्छे अंकों के साथ अपनी रुचि, योग्यता, क्षमता और कौशल को पहचानना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में करिअर का चयन करने के बजाय अपनी क्षमताओं के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी।खारी चारणान के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य अनिल व्यास ने टीम का स्वागत किया। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि उम्मेदाराम सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। करिअर काउंसलर लोचन पारीक ने परियोजना के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं मनन श्रीमाली ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया।इसी क्रम में कोटड़ी के राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य तरुणा गोठवाल और शिक्षिका शिल्पा मोहता ने सहयोग किया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से करिअर संबंधी सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।अभियान के तहत विद्यार्थियों को निर्विकल्प फाउंडेशन की ओर से तैयार करिअर मार्गदर्शिका का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इसमें विभिन्न करिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की संभावनाओं से संबंधित उपयोगी जानकारियां दी गई हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विशेषज्ञ मार्गदर्शन पहुंचाकर उन्हें भविष्य के लिए सही निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।





