बीकानेर। मोबाइल फोन गुम होने या चोरी हो जाने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बीकानेर के सदर पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल देबूराम (बेल्ट नंबर 1592) लोगों के खोए हुए मोबाइल वापस दिलाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटा रहे हैं।कांस्टेबल देबूराम ने पिछले दो महीनों में 52 से अधिक गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए हैं। उनकी इस कार्यशैली की आमजन सराहना कर रहे हैं।इसी क्रम में व्यास कॉलोनी निवासी विजय कुमार अग्रवाल का मोबाइल जूनागढ़ के पास आयोजित एक रैली के दौरान गुम हो गया था। कांस्टेबल देबूराम के लगातार प्रयासों से मोबाइल बरामद कर लिया गया। गुरुवार को विजय कुमार के पुत्र दीपेश अग्रवाल को मोबाइल सुपुर्द किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर परिवार ने पुलिस का आभार जताया।कांस्टेबल देबूराम ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से भी तलाश कर मंगवाए गए हैं। तकनीकी जानकारी और लगातार प्रयासों के जरिए इन मोबाइलों को बरामद किया गया।यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। कांस्टेबल देबूराम की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल लोगों को उनके कीमती मोबाइल वापस मिले हैं, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।




