ब्रिक्स देशों की महिला प्रतिभागी वनस्थली विद्यापीठ की छात्राओं के कौशल से हुईं प्रभावितवनस्थली। वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित ब्रिक्स महिला शिखर सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में 21वीं सदी में महिलाओं की भूमिका, नेतृत्व, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में शामिल ब्रिक्स देशों की महिला प्रतिभागियों ने महिला नेतृत्व और सशक्तीकरण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।इस दौरान रूस की एलेना अलेक्सांद्रोवा और एकतेरिना मित्यागिना ने महिला नेतृत्व के अवसरों, चुनौतियों और ग्रामीण स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर विचार रखे। एलेना अलेक्सांद्रोवा ने रूस में महिला उत्थान के लिए किए जा रहे सरकारी प्रयासों की जानकारी दी और ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व विकास पर जोर दिया।एकतेरिना मित्यागिना ने भारत और रूस की महिलाओं की जीवनशैली एवं नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर अपने समाजशास्त्रीय अनुभव साझा किए। उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ की छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की छात्राएं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, एआई, प्रबंधन, आईटी और नवाचार आधारित उद्यमिता में भी दक्ष हैं।इसके बाद एलेना अप्रीना का ‘आर्किटेक्चर ऑफ द फ्यूचर : ए वुमेन्स व्यू ऑफ द ब्रिक्स कल्चरल कोड’ विषय पर रणनीतिक सत्र आयोजित हुआ। इसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने नेतृत्व के अवसरों में असमानता, आर्थिक संसाधनों तक सीमित पहुंच और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की।सम्मेलन के दौरान अतिथियों ने वनस्थली विद्यापीठ परिसर का भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यापीठ की अध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ शास्त्री, कुलपति प्रो. ईना आदित्य शास्त्री, कोषाध्यक्ष प्रो. सुधा शास्त्री और प्रो. अंशुमान शास्त्री सहित छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रूप से अतिथियों का स्वागत किया।अतिथियों ने श्री शांताबाई शिक्षा कुटीर, गांधी घर, कला मंदिर, घुड़सवारी, शूटिंग रेंज, फ्लाइंग क्लब तथा विभिन्न शैक्षणिक विभागों का अवलोकन किया। इसके बाद सुर मंदिर सभागार में छात्राओं ने शास्त्रीय संगीत और राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी।सम्मेलन के अंतिम चरण में वनस्थली विद्यापीठ की छात्राओं ने ब्रिक्स देशों की महिला प्रतिभागियों को साड़ी पहनने का कौशल सिखाया। इस पहल के माध्यम से भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।



