टैस्सीटोरी की 107वीं पुण्यतिथि पर दी शब्दांजलि, राजस्थानी भाषा को मान्यता देने की उठी मांग

टैस्सीटोरी की 107वीं पुण्यतिथि पर दी शब्दांजलि, राजस्थानी भाषा को मान्यता देने की उठी मांग**बीकानेर, 22 नवंबर।** राजस्थानी भाषा के महान विद्वान एवं भाषाविद स्वर्गीय डॉ. एल.पी. टैस्सीटोरी की 107वीं पुण्यतिथि पर प्रज्ञालय संस्थान एवं राजस्थानी युवा लेखक संघ की ओर से दो दिवसीय ‘ओळू समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के पहले दिन रविवार को सुबह 11 बजे टैस्सीटोरी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि एवं शब्दांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।कार्यक्रम में साहित्यकार क़ासिम बीकानेरी ने कहा कि इटली मूल के डॉ. टैस्सीटोरी ने अपना पूरा जीवन राजस्थानी भाषा को मान-सम्मान दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। वे सांस्कृतिक पुरोधा और महान भारतीय आत्मा थे। प्रज्ञालय संस्थान एवं राजस्थानी युवा लेखक संघ पिछले साढ़े चार दशकों से उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर आयोजन कर उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ इतिहासविद् डॉ. मोहम्मद फारूक चौहान ने कहा कि टैस्सीटोरी ने वर्ष 1914 में ही राजस्थानी भाषा की मान्यता का बीजारोपण कर दिया था। उन्होंने कहा कि इतनी समृद्ध और प्राचीन भाषा को अब तक संवैधानिक मान्यता नहीं मिलना तथा प्रदेश की दूसरी राजभाषा का दर्जा नहीं मिलना दुखद है। उन्होंने राजस्थानी को शीघ्र दोनों मान्यताएं देने की मांग की।मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवि जुगल पुरोहित ने कहा कि डॉ. टैस्सीटोरी राजस्थानी भाषा, साहित्य, संस्कृति और कला को सच्चे अर्थों में जीते थे। उन्होंने अपनी मातृभाषा इटालियन से भी अधिक प्रेम राजस्थानी भाषा से किया। उनके सपने को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।विशिष्ट अतिथि कवि गिरिराज पारीक ने टैस्सीटोरी को राजस्थानी भाषा की अलख जगाने वाला महान साहित्यिक सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि साहित्य, शिक्षा, शोध और पुरातत्व के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान ने राजस्थानी संस्कृति एवं विरासत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई।इस अवसर पर कवि कैलाश टाक, युवा कवि विप्लव व्यास, संस्कृतिकर्मी मुकेश पोपली, मुनिंद्र प्रकाश अग्निहोत्री, आकाशवाणी के महेश उपाध्याय और युवा रचनाकार आशीष रंगा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा टैस्सीटोरी के समाधि स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई।कार्यक्रम में अशोक शर्मा, भवानी सिंह, कार्तिक मोदी, सुनील व्यास, तोलाराम सारण, हरि नारायण आचार्य, घनश्याम ओझा, सय्यद अनवर अली, सैय्यद हसन अली, मोहम्मद जरीफ और मईनुद्दीन मईन सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरिनारायण आचार्य ने किया तथा आभार भवानी सिंह ने व्यक्त किया।समारोह के दूसरे दिन 23 नवंबर, सोमवार को शाम 5:15 बजे नालंदा पब्लिक स्कूल स्थित लक्ष्मी नारायण रंगा सृजन सदन में त्रिभाषा काव्य गोष्ठी आयोजित की जाएगी।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories