बीकानेर। शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा), राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी एवं सभी जिलाध्यक्षों की संयुक्त वर्चुअल बैठक प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, लंबित सेवा प्रकरणों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रदेश महामंत्री नवल सिंह मीणा ने बताया कि बैठक में जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) के पदों पर सीधी भर्ती, शिक्षा विभाग के सभी संवर्गों के लंबित तबादले, विभिन्न संवर्गों की बकाया पदोन्नतियां तथा ग्रेड पे लेवल-12 से अधिक वाले शिक्षकों के लंबे समय से लंबित उपार्जित अवकाश (पीएल) के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन मामलों का लंबे समय से समाधान नहीं होने के कारण शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार एवं शिक्षा विभाग से इन मांगों पर ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई।बैठक में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मेलन के आयोजन को लेकर भी रणनीति बनाई गई। सम्मेलन के माध्यम से प्रदेशभर के शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की भावी कार्ययोजना और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने पर सहमति बनी। साथ ही संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक स्तर तक अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के सुझाव भी दिए गए।प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि रेसटा शिक्षकों की वाजिब मांगों और लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन शिक्षकों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया। वहीं, संघ के कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर विश्नोई ने संगठन के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया।बैठक में प्रदेश सभाध्यक्ष सांवलराम सोनड़, प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद, प्रदेश महामंत्री नवल सिंह मीणा, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर विश्नोई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंसाराम खिजुरी, उपाध्यक्ष गजराज सिंह मोठपुर, प्रदेश सचिव राजकमल मीणा, मुख्य संगठन मंत्री राजेश रेबारी, प्रवक्ता राजीव चौधरी, संरक्षक सफी मोहम्मद मंसूरी और विधि सलाहकार अधिवक्ता हनुमान प्रसाद शर्मा सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। बीकानेर से जिलाध्यक्ष सीताराम डूडी ने भी बैठक में भाग लिया।





