बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) में विद्यार्थियों की कक्षाओं में उपस्थिति बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न विभागों का आकस्मिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने इतिहास, अंग्रेजी, पर्यावरण विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, विधि एवं भूगोल विभाग की कक्षाओं का जायजा लिया। वे विद्यार्थियों के साथ कक्षा में बैठे और शिक्षकों द्वारा पढ़ाने की पद्धति का अवलोकन किया।कुलगुरु ने वर्तमान शैक्षणिक आवश्यकताओं को देखते हुए स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के जरिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान सुनने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके ज्ञान और सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को सूचित किया जाएगा और उन्हें नियमित रूप से कक्षाओं में आने के लिए पाबंद किया जाएगा। इसके बावजूद अनुपस्थित रहने पर संबंधित विद्यार्थी का कक्षा से नाम पृथक किया जा सकता है तथा उसे आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने से भी वंचित किया जा सकता है।विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में लाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।



