नशे से दूर रहने का दिया संदेश, जैन कन्या कॉलेज की छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैलीबीकानेर, 27 नवंबर। विकसित भारत नशामुक्त युवा अभियान के तहत श्री जैन कन्या पीजी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाइयों की ओर से विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के प्रथम चरण में सुबह रासेयो स्वयंसेविकाओं ने नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से रैली निकाली। छात्राओं ने स्वयं तैयार किए गए पोस्टर, स्लोगन और बैनर के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने वॉकथॉन में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान तासु एवं टीम ने सरस्वती वंदना और नवकार मंत्र का गायन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी विजय कुमार कोचर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे नशे से दूर रहना चाहिए, जो उसे मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर बनाता है। उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि यदि जुनून रखना ही है तो स्वयं को आगे बढ़ाने और परिवार व समाज का नाम रोशन करने का जुनून रखें।विशिष्ट अतिथि सीए माणक कोचर ने छात्राओं के साथ नशामुक्ति विषय पर संवाद एवं परिचर्चा की। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों से बचने के उपाय बताते हुए स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को आपराधिक गतिविधियों की ओर भी धकेल सकती है, जिसका दुष्प्रभाव परिवार, समाज और राष्ट्र पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि उचित उपचार और परामर्श के माध्यम से नशे की लत से ग्रसित व्यक्तियों को इससे मुक्त कराया जा सकता है।इस अवसर पर रासेयो प्रभारी विशाल सोलंकी ने संकाय सदस्यों एवं स्वयंसेविकाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं प्रीति दैया, स्नेहा आसेरी और कृष्णा सोनी को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम के अंत में रासेयो प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान ने अतिथियों, संकाय सदस्यों और स्वयंसेविकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धनपत जैन ने किया। अंतिम गतिविधि के रूप में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।




