# डूंगर कॉलेज में पर्यावरणीय स्थिरता और विकिरण विषविज्ञान पर अंतरराष्ट्रीय मंथन, प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान**बीकानेर, 27 नवंबर।** राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में पर्यावरणीय स्थिरता और विकिरण विषविज्ञान के विभिन्न आयामों पर केंद्रित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रताप सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और विकिरण के प्रभावों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।27 एवं 28 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन का शीर्षक ‘मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च इन एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी एंड रेडिएशन टॉक्सिकोलॉजी’ (ICMRESRT-2026) है। सम्मेलन में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अपने शोध अनुभव और निष्कर्ष प्रस्तुत कर रहे हैं। आयोजन से प्राप्त विस्तृत रिपोर्ट राजस्थान एवं भारत सरकार की संबंधित संस्थाओं के साथ भी साझा की जाएगी।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे, जबकि अध्यक्षता महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास तथा आईसीएआर-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पुनिया उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. आर.के. पुरोहित एवं आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान को सामाजिक जागरूकता और जनहित से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का पत्र प्राचार्य को सौंपा। इस राशि से महाविद्यालय में कंप्यूटर खरीदे जाएंगे।अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए विभिन्न ज्ञान-विषयों के बीच संवाद और अनुसंधान जरूरी है। विकास की कीमत प्रकृति को नहीं चुकानी पड़े, इसका ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमंत व्यास ने पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. अनिल कुमार पुनिया ने कहा कि पर्यावरणीय बदलावों और उनके जैविक प्रभावों को समझने के लिए प्रमाण आधारित वैज्ञानिक दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने संसाधनों के अपव्यय को रोकने और आवश्यकता तथा लालच के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।प्राचार्य प्रो. आर.के. पुरोहित ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह महाविद्यालय की दसवीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस है। आगामी दो महीनों में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों की ओर से तीन और अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।इस अवसर पर ‘इंडियन नॉलेज सिस्टम इन लाइफ साइंसेज’ पुस्तक तथा सम्मेलन के शोध सार संग्रह का विमोचन किया गया। पुस्तक के लेखक प्रो. आर.के. पुरोहित, प्रो. सुमन लता त्रिपाठी, प्रो. संजय कुमार आचार्य, डॉ. अर्चना पुरोहित और प्रो. नरेंद्र भोजक हैं। प्रो. भोजक ने पुस्तक की विषयवस्तु और भारतीय ज्ञान परंपरा में जीवन से जुड़ी अवधारणाओं पर प्रकाश डाला।**प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान**समारोह का विशेष आकर्षण वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. अन्नाराम शर्मा को शिक्षाविद सम्मान प्रदान करना रहा। उन्हें हिंदी भाषा के संवर्धन तथा शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से शिक्षा में भाषा, संस्कृति, संवेदना और मानवीय मूल्यों के महत्व को भी रेखांकित किया गया।सम्मेलन की आयोजन सचिव प्रो. ममता शर्मा ने आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य पर्यावरणीय स्थिरता और विकिरण विषविज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बहुविषयी अनुसंधान को प्रोत्साहित करना तथा वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों को शोध निष्कर्षों के आदान-प्रदान के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना है।सम्मेलन के पहले दिन तीन तकनीकी सत्र आयोजित हुए। इन सत्रों में कुल 11 शोधार्थियों ने अपने शोधपत्र एवं अनुसंधान विचार प्रस्तुत किए। विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता मीरा श्रीवास्तव, ऋषि कुमार रंजन, प्रो. अनिला पुरोहित, प्रो. दिग्विजय सिंह, डॉ. स्मिता जैन, दुरइंदर सिंह, प्रेम आदेश लेखी, मोहम्मद आतिफ एवं चंद्रमोहन ने की।सायंकाल अतिथियों के लिए बीकानेर एवं राजस्थान के प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन सत्र के अंत में सम्मेलन के सह-समन्वयक प्रो. आनंद खत्री ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।सम्मेलन के दूसरे दिन भी विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों की समझ विकसित करना और सतत विकास के लिए ज्ञान आधारित दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।




