### राजस्थान की मेधावी बेटियों को मिलेंगे ₹3,000 से ₹6,000 तक, गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के आवेदन 25 दिसंबर तकबीकानेर। राजस्थान की मेधावी छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। गार्गी पुरस्कार एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजना वर्ष 2026-27 के तहत पात्र छात्राओं को आर्थिक प्रोत्साहन देने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।राजस्थान बालिका शिक्षा फाउंडेशन की सचिव उषा शर्मा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (मुख्यालय) माध्यमिक को निर्देश जारी कर राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रत्येक पात्र छात्रा का आवेदन निर्धारित समय में करवाने को कहा है। योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर एवं स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली पात्र छात्राओं को 3,000 से 5,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि एवं प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।### गार्गी पुरस्कार की दोनों किस्तों में मिलेंगे 6,000 रुपयेगार्गी पुरस्कार की प्रथम किस्त के लिए माध्यमिक परीक्षा-2026 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली तथा सत्र 2026-27 में कक्षा 11वीं में नियमित अध्ययनरत छात्राएं पात्र होंगी। इन्हें 3,000 रुपये एवं प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।वहीं, द्वितीय किस्त के लिए माध्यमिक परीक्षा-2025 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली और वर्तमान सत्र में कक्षा 12वीं में नियमित अध्ययनरत छात्राओं को 3,000 रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार दोनों किस्तों में पात्रता के अनुसार कुल 6,000 रुपये का लाभ मिल सकता है।### उच्च माध्यमिक की मेधावी छात्राओं को मिलेंगे 5,000 रुपयेबालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत उच्च माध्यमिक परीक्षा-2026 में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली पात्र छात्राओं को 5,000 रुपये एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसमें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान एवं स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की पात्र छात्राएं शामिल होंगी।### शाला दर्पण पोर्टल से होंगे आवेदनसभी आवेदन विद्यालय के स्कूल लॉगिन से शाला दर्पण पोर्टल के ‘लाभार्थी योजना पोर्टल’ पर ऑनलाइन किए जाएंगे। पुरस्कार राशि जन आधार एकीकरण एवं डीबीटी के माध्यम से छात्राओं के खाते में हस्तांतरित होगी। प्रमाण-पत्र भी पोर्टल पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।आवेदन सबमिट करने से पहले छात्रा की अंकतालिका और जन आधार कार्ड में दर्ज नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि एवं लिंग का मिलान करना जरूरी होगा। दोनों दस्तावेजों में विवरण अलग होने पर आवेदन और भुगतान में तकनीकी समस्या आ सकती है।### पात्र छात्राओं को लाभ दिलाना विभाग की जिम्मेदारी : सलावदशिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि गार्गी एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार बालिकाओं की प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने की महत्वपूर्ण पहल है। विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आवेदन संबंधी लापरवाही या तकनीकी त्रुटि के कारण कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विद्यालयों में समय पर आवेदन करवाने और जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की आवश्यकता है।### आवेदन में लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी होंगे जिम्मेदारफाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी अपने अधीनस्थ राजकीय एवं निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को निर्धारित समय सीमा में आवेदन करवाने के लिए पाबंद करें। यदि जिले की कोई भी पात्र छात्रा आवेदन प्रक्रिया में लापरवाही के कारण पुरस्कार से वंचित रहती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की होगी। ऐसे में पात्र छात्राओं के लिए 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।




