पीबीएम के गंगा द्वार पर जल सेवा कर मनाया गुरु पूर्णिमा महोत्सव

बीकानेर। पीबीएम में मर्दाना विभाग के समक्ष स्थित गंगा द्वार जल सेवा स्थल पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव सेवा के रूप में मनाया गया। श्रीकृष्ण सेवा संस्थान द्वारा संचालित जल सेवा में गुरु पूर्णिमा पर पुलिसकर्मियों व चिकित्सकों की आस्था देखने को मिली। संस्थान के श्यामसुंदर सोनी ने बताया कि एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, कोटगेट थाना अधिकारी विक्रम तिवाड़ी, सीआई सुषमा शेखावत एवं ट्रोमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एल के कपिल ने उमस व गर्मी के बीच बुधवार को लगातार डेढ़-दो घंटे तक जल सेवा की। एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने कहा कि पीबीएम जैसे जरुरत के स्थान पर शीतल जल की सेवा आस्था के भाव से प्रदान करना वाकई नर सेवा नारायण सेवा को दर्शाता है। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने कहा कि जल सेवा प्रदान करना साक्षात् देव उपासना के समान है। भाजपा नेता मोहन सुराना ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए बताया कि संस्थान द्वारा पिछले काफी वर्षों से हजारों राहगीरों व मरीजों के परिजनों को शीतल जल सेवा प्रदान करने का क्रम जारी है। हर वर्ष अप्रेल माह में यह जल सेवा शुरू होती है जो अगस्त-सितम्बर तक निरन्तर जारी रहती है। संस्थान के संजय लावट ने बताया कि अतिथियों को आदियोगी भेंट कर अभिनंदन किया गया। इससे पूर्व मेडिकल विद्यार्थियों ने भी अतिथियों का स्वागत कर जल सेवा की। इस दौरान भैरुलाल मौसूण, मांगीलाल कुकरा व जानकीरमण मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *