बीकानेर: राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास) के यूजी और पीजी छात्रों ने शनिवार को हॉस्टल फीस विवाद को लेकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठ गए।
छात्रों का आरोप है कि उन्होंने हॉस्टल की पूरी फीस विश्वविद्यालय के अधिकृत (ऑथराइज्ड) व्यक्ति को पहले ही जमा करवा दी थी। अब विश्वविद्यालय प्रशासन उनसे दोबारा फीस जमा करवाने का दबाव बना रहा है। छात्रों का कहना है कि संबंधित अधिकृत कर्मचारी पिछले कई दिनों से बीमारी के कारण विश्वविद्यालय नहीं आ रहा है, लेकिन इसमें छात्रों की कोई गलती नहीं है।
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल फीस निर्धारित फीस काउंटर पर जमा होनी चाहिए थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्पष्ट कहा कि वे पहले से जमा करवाई गई फीस दोबारा नहीं भरेंगे। उनका कहना है कि जिस माह तक की फीस जमा हो चुकी है, उससे आगे की फीस वे नियमानुसार जमा करवा सकते हैं, लेकिन पहले की अवधि की फीस दोबारा जमा नहीं करेंगे।
छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उन्हें लिखित रूप में समाधान नहीं देता, तब तक उनका धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।




