बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को लेकर शहर में जहां मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले रास्तों पर युद्धस्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
इसकी एक तस्वीर नत्थूसर गेट के बाहर हैरोलाई हनुमानजी मंदिर के पीछे स्वर्ण जयंती कॉलोनी स्थित परशुराम छात्रावास के पास देखने को मिल रही है। यहां पिछले करीब 10 दिनों से सड़क पर गहरा गड्ढा बना हुआ है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
गड्ढे की समस्या को लेकर परशुराम सेवा समिति के कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी कभी नगर निगम तो कभी बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आरोप है कि दोनों ही विभागों के कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज परशुराम सेवा समिति के नवरत्न व्यास उर्फ पप्पू ने अब मुख्यमंत्री के बीकानेर दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि गड्ढे को जल्द नहीं भरा गया और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में मुख्यमंत्री के बीकानेर दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले रास्तों को चमकाने में प्रशासन तत्परता दिखा रहा है, लेकिन शहर के अंदर आमजन की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। सवाल यह है कि विकास सिर्फ वीआईपी रास्तों तक सीमित रहेगा या शहर के आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी?





