रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की सेवा में किन्नर  समुदाय ने भेजा ठंडे पानी का टैंकर

बीकानेर। बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए बीकानेर से रामदेवरा जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए इन दिनों जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जलपान, चिकित्सा, विश्राम और पेयजल की व्यवस्था करने को लेकर सेवादारों में सेवा की होड़ लगी हुई है। इसी क्रम में बीकानेर के किन्नर समुदाय की मुखिया मुस्कान अग्रवाल ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ठंडे पानी का टैंकर भेजकर सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया।

टैंकर रवाना करने से पूर्व सर्वोदय बस्ती स्थित बाबा रामदेव मंदिर में विशेष  पूजा-अर्चना की गई तथा बाबा की ज्योत के दर्शन कर आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान डाली बाई सेवा समिति के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

टैंकर रवाना करने के अवसर पर डीजे की धुन पर बाबा रामदेव जी के भजनों का आयोजन भी हुआ। भजनों पर श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इसके बाद सभी ने बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाए और ठंडे पानी से भरे टैंकर को रामदेवरा की ओर पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर मुस्कान अग्रवाल ने कहा कि बाबा रामदेव जी के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। श्रद्धालुओं को गर्मी और लंबी पैदल यात्रा के दौरान ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह सेवा निरंतर जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए और भी पानी के टैंकर भेजे जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा रामदेव जी से सभी पैदल यात्रियों की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। टैंकर रवाना होने के साथ ही सभी ने एक स्वर में “बाबा रामदेव जी महाराज की जय” के जयकारे लगाए।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *