बीकानेर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फलोदी जिले के लोहावट ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) नारायण सुथार को 8 लाख 14 हजार रुपए की नकदी के साथ पकड़ा। एसीबी की विशेष इकाई ने भीनासर नाके के पास औचक जांच के दौरान उनकी कार को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की खलासी साइड की सीट के नीचे एक बैग मिला, जिसमें 8 लाख 14 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। एसीबी ने पूरी राशि को कब्जे में लेकर बीडीओ से नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहावट बीडीओ बड़ी मात्रा में रिश्वत की राशि लेकर बीकानेर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी इंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने भीनासर नाके के पास कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नारायण सुथार जोधपुर से बीकानेर की तरफ आ रहे थे। एसीबी अब यह जांच कर रही है कि बरामद 8.14 लाख रुपए कहां से आए और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। राशि के वैध स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
नकदी बरामद होने के बाद एसीबी ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार टीम ने हाउस सर्च की कार्रवाई भी शुरू की है। अधिकारियों की ओर से बीडीओ के वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और विभागीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशन में एएसपी आशीष कुमार की टीम ने की। फिलहाल मामले में पूछताछ और जांच जारी है तथा बरामद नकदी के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।




