वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के भक्तों से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। उनके शिष्य रसिक दुलारी शरण महाराज की चौथी मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल पर बने कमरे में रसिक दुलारी शरण अकेले थे। इसी दौरान वह छत से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आश्रम और भक्तों में शोक का माहौल है। मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।





