सरकार को EWS पर करनी चाहिए पहल : भाटी
बीकानेर। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का सोमवार को बीकानेर पहुंचने पर समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। भाटी की एक झलक पाने और उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे जुटे। पूगल रोड से लेकर गोकुल सर्किल तक समर्थकों का हुजूम नजर आया। वहीं, गोकुल सर्किल पर आयोजित सभा स्थल पर भी हजारों लोग पहले से मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में रविंद्र सिंह भाटी ने सरलीकरण के मुद्दे पर कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह डबल इंजन की सरकार है, ऐसे में इस विषय पर सरकार को आगे आकर सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बीकानेर में मिले जनसमर्थन से उत्साहित नजर आए भाटी ने कहा कि यहां की जनता का प्यार और स्नेह उन्हें नई ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि बीकानेर की जनता ने हमेशा उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं।
गोकुल सर्किल पर सभा को संबोधित करने के बाद रविंद्र सिंह भाटी शहर की तंग गलियों से होते हुए जूनागढ़ पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए पहले से बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। जूनागढ़ के सामने भी भाटी ने जनसभा को संबोधित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर में जगह-जगह समर्थकों की भीड़ और उत्साह देखने को मिला।





