बीकानेर, 8 अक्टूबर। विश्व स्तन कैंसर जागरूकता माह (Breast Cancer Awareness Month) के अवसर पर पवनपुरी स्थित शांति विहार लग्जरी अपार्टमेंट्स में महिलाओं के लिए ‘किटी विद एन ऑन्कोलॉजिस्ट’ नाम से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘पिंक’ रखी गई, जिसमें महिलाओं ने गुलाबी परिधान पहनकर स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता और एकजुटता का संदेश दिया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कैंसर विशेषज्ञ डॉ. राहुल कुमार राय (एमबीबीएस, एमडी, डीएम मेडिकल ऑन्कोलॉजी, टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, मुंबई) रहे। उन्होंने महिलाओं को स्तन कैंसर के कारणों, जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों, स्क्रीनिंग, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा उपचार के दौरान होने वाली समस्याओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।डॉ. राय ने बताया कि स्तन कैंसर केवल एक महिला की बीमारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार को भावनात्मक, सामाजिक और आर्थिक रूप से प्रभावित करने वाली समस्या है। भारत में हर वर्ष दो लाख से अधिक महिलाओं में स्तन कैंसर की पहचान होती है। जागरूकता की कमी, बीमारी का डर और शुरुआती लक्षणों की अनदेखी के कारण अनेक महिलाएं देर से चिकित्सक के पास पहुंचती हैं।उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता लगने पर सफल उपचार और पूर्ण रूप से ठीक होने की संभावनाएं काफी बेहतर होती हैं। आज कीमोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और हार्मोनल थेरेपी जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियों से मरीजों के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कई मामलों में सर्जरी से पहले दवाओं द्वारा ट्यूमर का आकार कम करके स्तन को सुरक्षित रखने वाली सर्जरी भी संभव हो सकती है।डॉ. राय ने विशेष रूप से बताया कि स्तन में गांठ का दर्द रहित होना कैंसर नहीं होने का प्रमाण नहीं है। उन्होंने महिलाओं को स्तन में किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करने तथा उम्र एवं व्यक्तिगत जोखिम के अनुसार मैमोग्राफी जैसी स्क्रीनिंग जांच के लिए चिकित्सकीय सलाह लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम में डॉ. सोनम राय की सहभागिता भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के विषय में खुलकर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि महिलाओं को परिवार की देखभाल के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य और नियमित जांच को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।कार्यक्रम में डॉ. दीप्ति वहल, श्रीमती अलका डॉली पाठक, श्रीमती सुनीता चावला, श्रीमती रितु मित्तल, डॉ. निशा चौधरी, डॉ. अविशा मिड्ढा, डॉ. ऋचा तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति सांखला सहित अनेक महिलाओं की सहभागिता रही।इस अवसर पर महिलाओं ने स्तन कैंसर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम में कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक बैठकों को स्वास्थ्य जागरूकता का माध्यम बनाना था, ताकि सही जानकारी केवल कार्यक्रम तक सीमित न रहकर परिवार और समाज की अन्य महिलाओं तक भी पहुंचे।अंत में डॉ. राहुल कुमार राय ने संदेश दिया कि “हर महिला की कहानी अलग है, हर महिला का सफर अलग है, लेकिन हर महिला की जिंदगी अनमोल है। समय पर जागरूकता और सही उपचार किसी परिवार का भविष्य बदल सकते हैं।”शांति विहार अपार्टमेंट्स की महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताया।




