बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों की स्वास्थ्य जाँच तथा राष्ट्रीय सेवा योजना परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।शिविर में फोर्ट डिस्पेंसरी, बीकानेर के नर्सिंग कर्मियों द्वारा स्वयंसेवकों की शुगर जाँच की गई। इस दौरान स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच करवाने के महत्व के बारे में जानकारी मिली। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर बीकानेर जिला समन्वयक डॉ. घनश्याम बिठू ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के इकाई प्रभारी रविकांत व्यास ने किया। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, नर्सिंग कर्मियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता एवं सामाजिक सेवा के प्रति प्रेरित किया गया।





