बीकानेर, 3 नवंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी में मंगलवार को ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के दूसरे दिन जल संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से पानी बचाने के उपायों को प्रदर्शित किया और दैनिक जीवन में जल संरक्षण की आदत अपनाने का संकल्प लिया।छात्राओं ने पोस्टर के जरिए ब्रश करते समय नल बंद रखने, टपकते नलों की मरम्मत कराने, गाड़ी धोने में पाइप की जगह बाल्टी का उपयोग करने तथा आरओ से निकलने वाले पानी का पुनः उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए। गतिविधियों का उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘मिशन लाइफ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में छात्राओं ने जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम प्रभारी मनिता एवं सहायक प्रभारी रजनी गुर्जर के मार्गदर्शन में सभी गतिविधियां संपन्न हुईं। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास ने अनुशासन व्यवस्था में सहयोग किया।इस अवसर पर उपप्राचार्य वंदना राठौड़ सहित विद्यालय स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को भोजन की बर्बादी रोकने और सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाने के प्रति जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।





