15 नवंबर को बीकानेर में होगा जिला महिला शैक्षिक सम्मेलन, रानी पद्मावती के आदर्शों पर होगा विशेष विमर्श

बीकानेर। नारी शक्ति के स्वाभिमान, त्याग, साहस, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक सशक्तीकरण को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा की ओर से 15 नवंबर को बीकानेर में जिला महिला शैक्षिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरसागर, बीकानेर में किया जाएगा। इसका प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से शुरू होगा।सम्मेलन का मुख्य आकर्षण वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन, अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर केंद्रित विशेष विमर्श रहेगा। उनके जीवन आदर्शों के माध्यम से भारतीय नारी की गौरवशाली परंपरा, आत्मसम्मान और राष्ट्रनिष्ठा के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।जिला महिला मंत्री श्रीमती बबीता वर्मा ने बताया कि सम्मेलन में तीन सत्र आयोजित होंगे। इनमें महिला नेतृत्व, संगठनात्मक सहभागिता, सामाजिक दायित्व, शैक्षिक क्षेत्र में मातृशक्ति की भूमिका तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति आत्मीयता, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, ताकि वे शिक्षा एवं समाज निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।प्रदेश महिला सचिव श्रीमती चन्द्रकला ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की संगठनात्मक योजना के तहत प्रदेश के सभी 45 जिलों में 15 नवंबर को महिला शैक्षिक सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से प्रदेशभर की महिला शिक्षिकाओं को एक साझा मंच प्रदान कर उनके विचारों, अनुभवों और संगठनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठित एवं जागरूक मातृशक्ति ही सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है।सम्मेलन की सफलता एवं व्यापक सहभागिता के लिए प्रदेश महिला सचिव श्रीमती चन्द्रकला, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मीरा वर्मा, जिला महिला मंत्री श्रीमती बबीता वर्मा, संगठन मंत्री श्रीमती सुनीता खीचड़, महिला मंत्री नगर श्रीमती तेजस्वनी, श्रीमती विमलेश एवं श्रीमती विमला सोनी ने जिले की समस्त महिला शिक्षिकाओं एवं मातृशक्ति से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post