बीकानेर। धन्नीनाथ गिरी मठ पंच मंदिर के पूर्व अधिष्ठाता एवं राजगुरु बीकानेर ब्रह्मलीन स्वामी श्री सोमेश्वरानंद भारती जी महाराज के 34वें निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय निर्वाण महोत्सव का शुभारंभ 14 नवंबर 2026 से होगा। महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से संत-महात्मा भाग लेंगे।महोत्सव के प्रथम दिन 14 नवंबर को तीन स्तरों पर गीता प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद 15 एवं 16 नवंबर को भाषण प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें कक्षा 10 से 12, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी भाग लेंगे।17 नवंबर को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर प्रातः गौशाला में गौपूजन किया जाएगा। वहीं सायंकाल देश के विभिन्न प्रदेशों से पधारे संत-महात्मा गौ माता के महत्व पर प्रवचन देंगे। समस्त कार्यक्रम निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु बीकानेर स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित होंगे।ट्रस्ट के महासचिव वैद्य वाचस्पति जोशी ने बताया कि महोत्सव का मुख्य समारोह 18 नवंबर 2026 को आंवला नवमी के पावन अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों के विद्वानों, समाजसेवियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।मुख्य समारोह के अंतर्गत भव्य वेदांत सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से अनेक महामंडलेश्वर एवं संत-महात्मा शामिल होंगे। इसी अवसर पर विशाल संत-भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।पंच दिवसीय निर्वाण महोत्सव में धर्म, संस्कृति, शिक्षा, गौसेवा एवं संत परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।



