बीकानेर। शहर के सात वार्डों से गुजरने वाले वर्षों पुराने जर्जर नाले की समस्या को लेकर संबंधित वार्डों के पार्षदों ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने नाले की सफाई, मरम्मत और पुनर्निर्माण करवाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।पार्षदों के अनुसार वार्ड 72 से शुरू होकर वार्ड 71, 70, 67, 69, 68 और 51 तक गुजरने वाला यह नाला लंबे समय से जर्जर हालत में है। खुला नाला होने के कारण इसमें कचरा जमा हो जाता है और गंदे पानी की निकासी बाधित रहती है। इससे आसपास के क्षेत्रों में गंदा पानी फैलने के साथ बरसात के दौरान जलभराव की समस्या भी पैदा होती है।ज्ञापन में नाले की डिसिल्टिंग, मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर आरसीसी स्लैब लगाने, सफाई के लिए चैंबर बनाने तथा अंडरग्राउंड या ओपन नाले का नए सिरे से निर्माण करवाने की मांग की गई।इस दौरान पार्षद जगदीश सोलंकी, विक्रम सिंह, शंकरलाल, पार्षद प्रतिनिधि अनादि पारीक, अनूप गहलोत सहित दीपक तंवर, प्रतीक स्वामी और अन्य साथी मौजूद रहे।




