संत कच्चे माला को पक्का कर भगवान के योग्य बनाते हैं गुरु : स्वामी विशोकानंद भारती, निर्वाण दिवस पर हुआ वेदांत सम्मेलन

संत कच्चे माला को पक्का कर भगवान के योग्य बनाते हैं गुरु : स्वामी विशोकानंद भारती, निर्वाण दिवस पर हुआ वेदांत सम्मेलनबीकानेर। धनीनाथ गिरी मठ पंच मंदिर प्रांगण में पूर्व अधिष्ठाता राजगुरु बीकानेर ब्रह्मलीन स्वामी श्री सोमेश्वरानंद भारती जी महाराज के 34वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित पंचदिवसीय निर्वाण महोत्सव के अंतर्गत वेदांत सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर से आए संत-महात्माओं ने अपने विचार व्यक्त कर स्वामी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु बीकानेर स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज ने कहा कि संत कच्चे माल को पक्का कर भगवान के योग्य बनाते हैं। गुरु मानव जीवन को संस्कार प्रदान कर उसे भगवान के योग्य बनाते हैं। गुरु अयोग्य व्यक्ति को भी योग्यता प्रदान करते हैं, इसी कारण गुरुपूजन भगवान के पूजन से पूर्व किया जाता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन समुद्र की तरह विशाल होता है, जो हर प्रकार के व्यक्ति को अपनी शरण में स्थान देकर भगवान का भक्त बनाता है।हरिद्वार से आए संत श्री मोहनदास जी महाराज एवं योगी श्री भास्करनाथ जी महाराज ने संत महिमा पर भजन प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं आबू से पधारे संत श्री सदाशिवानंद गिरी जी महाराज ने कहा कि संत-महात्मा अपने जीवन और उपदेशों से मानव को मुक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।फलोदी के चाड़ी से आए संत महंत श्री अमरानंद जी महाराज ने मानव जीवन को अनमोल बताते हुए कहा कि सोना और हीरा भी मानव जीवन से अधिक बहुमूल्य नहीं हैं। उन्होंने पूज्य दादागुरुदेव के गौसेवा एवं गौ रक्षा के लिए किए गए समर्पण को याद किया। योगी श्री ओमनाथ जी महाराज ने कहा कि पारस केवल लोहे को सोना बना सकता है, जबकि संत मानव को अपने समान बनाकर उसे जीवन-मरण के बंधन से मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं।सम्मेलन में कोलायत से संत श्री आकाश मुनि, राजमुनि स्वामी श्री वसुंधरानंद, हरिद्वार से संत तपेश्वर दास जी महाराज, मेरठ से महंत स्वामी श्रीभागवत भारती जी महाराज तथा जयपुर से महंत स्वामी श्री गीतानंद सरस्वती जी महाराज ने भी विचार व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में नगर विधायक पश्चिम श्री जेठानंद व्यास ने सनातन संस्कृति के उद्धारक गुरुस्थान के विकास के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति का पत्र पूज्य गुरुदेव एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों को सौंपा।प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभाओं का सम्माननिर्वाण महोत्सव के अंतर्गत पांच दिनों से आयोजित गीता एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बीकानेर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्वानों, समाजसेवियों और सनातन संस्कृति के सेवकों का भी सम्मान किया गया।सम्मानित होने वालों में कर्मकांड के क्षेत्र में डॉ. पं. मदन मोहन पुरोहित, मानस पाठ के लिए श्रीकिशन गोपाल जाजड़ा, पर्यावरण संरक्षण के लिए कन्हैयालाल लखानी, गौसेवा के लिए सुरेश राठी, सनातन संस्कृति सेवा के लिए दामोदरदास तिवाड़ी, प्रहलाद राय मोहता एवं गिरिधारीलाल पारीक शामिल रहे।इसके अलावा समाजसेवा के लिए सांवरलाल मोदी, जितेंद्र सिंह राजवी एवं मान सिंह मामनानी, दसनामी गोस्वामी समाज राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष विनोद गिरी जी, आयुर्वेद के क्षेत्र में वैद्य रेखा दाधीच तथा संस्कृत के क्षेत्र में सुश्री मानसी पुरोहित को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के महामंत्री वैद्य वाचस्पति जोशी ने किया। अंत में महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन हुआ। आयोजन की व्यवस्थाओं में पं. मुरली मनोहर व्यास, मोहन आचार्य, मोडाराम सोलंकी, वैद्य वाचस्पति जोशी, नलिन सारवाल, दिनेश गुप्ता, हरिकिशन व्यास, प्रकाश वेदपाठी सहित अनेक भक्तजनों ने सहयोग किया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post