देवउठनी एकादशी पर बीकानेर में श्याममय हुआ माहौल, 11 किलो के कलाकंद केक से मनाया बाबा का जन्मोत्सव

बीकानेर के खाटू श्याम मंदिर में देवउठनी एकादशी पर फूलों से सजा बाबा श्याम का दरबार

देवउठनी एकादशी पर बीकानेर में श्याममय हुआ माहौल, 11 किलो के केक से मनाया बाबा का जन्मोत्सव

बीकानेर। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर को देश के विभिन्न शहरों से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। बाबा का विशेष पुष्प श्रृंगार चेतन शर्मा एवं किशन जोशी द्वारा किया गया।

सर्द मौसम के बावजूद सुबह से ही बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। कई भक्त नंगे पैर पैदल चलकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। श्रद्धालु बाबा के लिए केक, गुलाब के फूल, इत्र और लड्डू लेकर पहुंचे। कई महिलाएं और पुरुष अपने बच्चों को लड्डू गोपाल के स्वरूप में सजाकर दर्शन करवाने आए।

11 किलो के कलाकंद केक से मनाया जन्मोत्सव

जन्मोत्सव के विशेष अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से 11 किलो का आकर्षक कलाकंद केक तैयार करवाया गया। आरती के समय बाबा श्याम के जन्मदिन की खुशी में केक काटा गया और बाद में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस दौरान बाबा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

श्याम भजनों पर झूमे श्रद्धालु, महिलाओं ने किया नृत्य

मंदिर परिसर में दिनभर श्याम भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। ‘बदल देता तो किस्मत, बात झूठी नहीं… बाबा, तुमसा दयालु कोई नहीं’ और ‘कन्हैया, एक नजर जो आज तुझको देखता होगा’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। महिलाओं ने समूह में भक्ति नृत्य कर बाबा के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। युवाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने भी भजनों पर झूमकर अपनी आस्था प्रकट की।

सेल्फी बूथ पर दिखा उत्साह

मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेल्फी बूथ भी बनाया गया था। यहां महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने फूलों से सजे बाबा के दरबार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और इस खास अवसर की यादों को कैमरे में कैद किया।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए। ट्रस्ट अध्यक्ष के.के. शर्मा सहित ट्रस्टी सुरेश अग्रवाल एवं ओम जिंदल व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं मंदिर के सचिव सुरेश भसीन अस्वस्थ होने के बावजूद फोन के माध्यम से लगातार व्यवस्थाओं की जानकारी लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

देवउठनी एकादशी पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव बीकानेर में आस्था और भक्ति का विशेष अवसर बन गया। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने, दर्शन करने और प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा। बाबा के भव्य श्रृंगार, 11 किलो के केक, भजन-कीर्तन और भक्तों के उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post