बीकानेर जिले के पुलिस थाना जसरासर ने अवैध हथियारों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, दो खाली कैश और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल आरपीएस एवं वृताधिकारी नोखा जरनेलसिंह आरपीएस के सुपरविजन में जसरासर थाना अधिकारी पुलिस निरीक्षक आलोकसिंह पूनिया ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार और कारतूस लेकर मैनसर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मैनसर से श्रीरामपुरा जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान श्यामसर की ओर से आती एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सड़क खराब होने के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों युवक नीचे गिर गए। पुलिस ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम अंकित सोनी उर्फ सौरभ पुत्र रामलखन सोनी निवासी बड़ोदरा (गुजरात) तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम नाथूराम पुत्र आसूराम सुथार निवासी मैनसर बताया। तलाशी के दौरान अंकित सोनी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खाली कैश बरामद हुए, जबकि नाथूराम के पास से छह जिंदा कारतूस मिले। बरामद सभी कारतूस 8 एमएम के बताए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से हथियार और कारतूस रखने संबंधी लाइसेंस या वैध अनुमति के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25 (1-B)(A) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान पुलिस थाना जसरासर के रविन्द्रसिंह द्वारा किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- अंकित सोनी उर्फ सौरभ पुत्र रामलखन सोनी, निवासी बड़ोदरा, गुजरात
- नाथूराम पुत्र आसूराम सुथार, निवासी मैनसर, थाना जसरासर, जिला बीकानेर
बरामदगी
- 01 अवैध देशी कट्टा
- 10 जिंदा कारतूस
- 02 खाली कैश
- 01 मोटरसाइकिल
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- आलोकसिंह पूनिया, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी जसरासर
- भागीरथराम, सहायक उप निरीक्षक
- देवाराम, हेड कांस्टेबल
- ओमप्रकाश, कांस्टेबल
- कैलाश, कांस्टेबल
- लेखराम, सरकारी वाहन चालक




