बीकानेर। 06 अक्टूबर,2026 l
राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्रताप सभागार में “पर्यावरण स्थिरता एवं विकिरण विष विज्ञान में बहुविषयक अनुसंधान” (ICMRESRT-2026) विषय पर आयोजित होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आधिकारिक ब्रोशर (विवरणिका) का विमोचन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सम्मानित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के माननीय कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सम्मेलन के ब्रोशर का अनावरण किया।
उन्होंने सभी जन से अपील की कि वे
’प्रकृति के प्रति दयालु बनें’।
यह दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा ‘इंडियन सोसाइटी फॉर रेडिएशन बायोलॉजी’ (ISRB) के सहयोग से 27 और 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का मूल ध्येय वाक्य “प्रकृति के प्रति दयालु बनें” (Be Kind to Mother Nature) रखा गया है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं राजकीय डूंगर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर. के. पुरोहित ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और विकिरण विष विज्ञान से जुड़े गंभीर मुद्दों पर वैश्विक स्तर के शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों को एक साझा मंच प्रदान करना है।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में पर्यावरण संतुलन और विकिरण के प्रभावों का अध्ययन मानव जीवन और प्रकृति दोनों के संरक्षण के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने राजकीय डूंगर कॉलेज की इस पहल की सराहना करते हुए सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के समापन पर आयोजन समिति द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा शोधार्थियों को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने हेतु आमंत्रित किया गया।
प्रो. ममता शर्मा ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया | कार्यक्रम में बीकानेर की सभी उच्च शिक्षण संस्थाओं के प्रमुख सहित नगर की गणमान्य हस्तियां और शोधार्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





