बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज वातानुकूलित इनडोर स्टेडियम में अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध चार जिलों के 26 महाविद्यालयों के करीब 80 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।प्रतियोगिता के मुकाबलों में विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने डूंगर महाविद्यालय को कड़े संघर्ष में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, एसडी महाविद्यालय श्रीगंगानगर की टीम ने एसएनडीबी महाविद्यालय, नोहर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय लगातार तीसरे वर्ष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन करवा रहा है। इस वर्ष विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। प्रतियोगिता के साथ व्यक्तिगत मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मेरिट के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का चयन किया जाएगा।प्रतियोगिता में उत्कर्ष किराडू ऑब्जर्वर, गणेश पुरोहित विश्वविद्यालय नॉमिनी तथा हेमंत मोदी खेल पर्यवेक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित इनडोर स्टेडियम की सराहना करते हुए इसे विश्वस्तरीय बताया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलसचिव यशपाल आहूजा एवं वित्त नियंत्रक देवेंद्र सिंह राठौड़ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय के खेल सचिव डॉ. यशवंत गहलोत ने प्रतियोगिता संबंधी जानकारी दी।





