बीकानेर। शहर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच 21 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक 11 दिवसीय पंच पावन कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं समस्त सनातन मित्रगण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न धार्मिक कथाओं के साथ संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का शुभारंभ 21 दिसंबर को होगा। इस अवसर पर दोपहर 2:15 बजे श्री बड़ा गोपालजी मंदिर (दमाणी चौक) से कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मुहता चौक, हाथी चौक, रानी बाजार, सादुलपुरिया चौक, सादाफतेह, बारह गुवाड़ चौक एवं नत्थूसर गेट मार्ग होते हुए ओझा सत्संग भवन, भाग संख्या-2 पहुंचेगी।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक कथा का आयोजन होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 एवं 23 दिसंबर को श्रीमद् देवी भागवत कथा, 24 एवं 25 दिसंबर को श्री शिव महापुराण कथा, 26 एवं 27 दिसंबर को श्रीराम कथा, 28 एवं 29 दिसंबर को श्री बाबा रामदेवजी चरित्र कथा तथा 30 एवं 31 दिसंबर को श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
कथा वाचन के लिए पं. श्री गोपाल नारायण जी, पं. श्री आशाराम जी, पं. श्री संजय जी भारद्वाज, पं. श्री लक्ष्मीकांत जी व्यास, पं. श्री मुरली मनोहर जी सहित विभिन्न व्यास पीठाधीश निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा दिव्य रासलीला का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। वहीं 31 दिसंबर को सायंकाल कथा पूर्णाहुति के बाद महाप्रसादी का आयोजन होगा।
आयोजन स्थल ओझा सत्संग भवन, भाग संख्या-2, नत्थूसर गेट के बाहर, बीकानेर रहेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक आयोजनों में भाग लेने का आग्रह किया है।



