बीकानेर विकास मंच ने शुरू किए विधिवत कार्य, महापुरुषों को माल्यार्पण कर शहर के विकास का लिया संकल्प

बीकानेर विकास मंच ने शुरू किए विधिवत कार्य, महापुरुषों को माल्यार्पण कर शहर के विकास का लिया संकल्पबीकानेर। शहर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और बीकानेर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से बीकानेर विकास मंच ने बुधवार को विधिवत रूप से अपने कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों ने शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और बीकानेर के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत जूनागढ़ स्थित श्री जूनागढ़ गणेश जी के माल्यार्पण से हुई। इसके बाद बीकानेर के संस्थापक राव बीका जी, गंग नहर के निर्माता महाराजा गंगा सिंह जी, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी तथा समाजसेवी एवं साहित्यकार मुरलीधर व्यास जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।मंच के संयोजक विजय कोचर ने कहा कि बीकानेर विकास मंच का गठन शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से किया गया है। सभी सदस्यों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित होकर बीकानेर को स्वच्छ, सुंदर और विकास का मॉडल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से संवाद किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष भी किया जाएगा।उन्होंने बताया कि मंच की प्राथमिकताओं में राव बीकाजी की प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां बनवाना और शहर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी सीढ़ियों की व्यवस्था करवाना शामिल है।मंच के समन्वयक सूरजमल सिंह नीमराणा ने कहा कि मंच का लक्ष्य आमजन का हित है। इसके लिए सभी सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य करना होगा। सेवानिवृत्त एसपी नरसिंह भाटी ने महाराजा गंगा सिंह जी के दूरदर्शी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंच को भी शहर के भविष्य को ध्यान में रखकर विकासवादी सोच के साथ कार्य करना चाहिए।मुकेश जोशी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि महापुरुष किसी जाति या समुदाय विशेष तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज के होते हैं। कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित ने मुरलीधर व्यास के जनसेवा और संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए मंच के सदस्यों से आमजन की आवाज बनने का आह्वान किया।मातृशक्ति अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक ने बीकानेर रेलवे जंक्शन के बाहर तिरंगे को पुनः स्थापित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जनहित की मांगों पर प्रशासन से गंभीरता से संज्ञान लेने की अपील की।कार्यक्रम में मंच के आर्थिक एवं कोष संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संतोष बांठिया और दिनेश काकड़ा को सौंपी गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आमजन एवं कार्यकर्ताओं के फोन नहीं उठाने के मुद्दे पर भी जवाबदेही तय करने की बात कही गई।कार्यक्रम में विजय कोचर, सूरजमल सिंह नीमराणा, संतोष बांठिया, कामिनी भोजक, मुकेश जोशी, नरसिंह भाटी, रामेश्वर सोनी, राजकुमार भाटिया, श्याम पारीक, आनंद जोशी, अनूप गहलोत, भंवर पुरोहित, ओम सोनगरा, शिवलाल तेजी, पारस तेजी, जसोदा गहलोत, सूरज राठौड़, शिव दाधीच, दिनेश काकड़ा सहित मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में त्रिलोक सिंह चौहान ने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सभी सदस्यों ने बीकानेर के विकास और जनसेवा के लिए अपना समय एवं योगदान समर्पित करने का संकल्प लिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post