लेडी एलगिन स्कूल पहुंची कॅरियर काउंसलिंग वैन, छात्राओं को मिला मार्गदर्शनबीकानेर। विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार बेहतर कॅरियर चुनने में मदद करने के उद्देश्य से निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कॅरियर काउंसलिंग वैन बुधवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महर्षि दयानंद मार्ग (लेडी एलगिन स्कूल) पहुंची। यहां आयोजित विशेष सत्र में दो घंटे से अधिक समय तक छात्राओं को कॅरियर संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि CO सिटी अनुज डाल रहे, जबकि अध्यक्षता जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य ने की। अनुज डाल ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के बाद रोजगार और भविष्य की दिशा चुनने के लिए उचित मार्गदर्शन मिलना जरूरी है। कॅरियर काउंसलिंग वैन विद्यार्थियों को सही राह दिखाने में मील का पत्थर साबित होगी।डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य हासिल नहीं कर पाते। ऐसे में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को कॅरियर संबंधी जानकारी देना सराहनीय पहल है।नेशनल कॅरियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने छात्राओं को कॅरियर चयन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॅरियर का चुनाव दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के आधार पर निर्णय लेना चाहिए।उन्होंने उच्च शिक्षा, विषय चयन, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। दो घंटे से अधिक चले संवादात्मक सत्र में छात्राओं ने अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञ से शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।डॉ. श्रीमाली ने बताया कि शिक्षा विभाग के साथ हुए समझौते के तहत परियोजना के प्रथम चरण में बीकानेर जिले के 36 चयनित राजकीय विद्यालयों में कॅरियर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए विशेष कॅरियर काउंसलिंग वैन तैयार की गई है, जिसके माध्यम से विशेषज्ञों की सेवाएं विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं।काउंसलर लोचन पारीक ने परियोजना के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। कार्यक्रम में केशव आचार्य एवं मनन श्रीमाली ने भी विचार व्यक्त किए। विद्यालय की प्राचार्य लाजवंती ने अतिथियों एवं टीम का स्वागत करते हुए आभार जताया।इस दौरान छात्राओं को कॅरियर मार्गदर्शिका भी वितरित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्विकल्प फाउंडेशन और बीकाजी की यह पहल विद्यार्थियों को कॅरियर के बेहतर विकल्पों से परिचित कराने की दिशा में कार्य कर रही है।




