बीकानेर। श्री विश्वकर्मा सुथार समाज सामूहिक विवाह समिति की ओर से 20 नवंबर को चौदहवां आदर्श सामूहिक विवाह एवं तुलसी विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। देवउठनी एकादशी के अवसर पर धरणीधर महादेव मंदिर खेल मैदान में होने वाले समारोह में 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। आयोजन में करीब छह हजार समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है।समिति अध्यक्ष नवरतन धामू ने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन में करीब 200 कार्यकर्ताओं की अलग-अलग समितियां व्यवस्थाएं संभालेंगी। इनमें अतिथि सत्कार, भोजन, पार्किंग, विवाह संस्कार और स्वागत सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।कार्यक्रम की शुरुआत 19 नवंबर को शाम 6:15 बजे सुंदरकांड पाठ से होगी। 20 नवंबर को सुबह 10:15 बजे गणेश पूजन और 11:15 बजे भूमि पूजन होगा। शाम 5:15 बजे बारात का स्वागत तथा 6:15 बजे महाप्रसाद शुरू होगा। रात्रि में शुभ मुहूर्त के अनुसार पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। 21 नवंबर को नवविवाहित जोड़ों की विदाई होगी।समारोह में भामाशाह कुलरिया बंधु मुख्य अतिथि एवं महाप्रसाद दाता के रूप में शामिल होंगे। वहीं राजस्थान सरकार के विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार विशिष्ट अतिथि रहेंगे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सामूहिक सहभागिता का संदेश देगा।




