निर्जला एकादशी पर बीकानेर में सेवा की मिसाल, जसूसर गेट पर श्रद्धालुओं को लस्सी का वितरण

बीकानेर, 25 जून।
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर बीकानेर शहर में जगह-जगह समाजसेवियों एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सेवा कार्य किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए शीतल पेय, लस्सी, शरबत एवं जल वितरण की व्यवस्थाएं की गईं। इसी क्रम में जसूसर गेट पर भी श्रद्धाभाव के साथ लस्सी वितरण सेवा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद स्वरूप लस्सी ग्रहण की।

सेवा कार्य का नेतृत्व कर रहे विष्णु गुरु ने बताया कि निर्जला एकादशी सनातन धर्म की सबसे महत्वपूर्ण एकादशियों में से एक मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत, दान-पुण्य और सेवा करने से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के समान पुण्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को जल, लस्सी या शीतल पेय पिलाना सबसे श्रेष्ठ सेवाओं में से एक है और यही भारतीय संस्कृति का मूल संदेश भी है।

उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि धार्मिक पर्वों को केवल पूजा-अर्चना तक सीमित न रखकर सेवा, सहयोग और मानवता के कार्यों से भी जोड़ें। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भाग लेकर सामाजिक एकता और जनसेवा का संदेश दिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *