दीपावली से पहले बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 28 हजार किलो दूषित मैदा और 22 हजार किलो तेल सीज

, 2 नवंबर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीमों द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी मात्रा में दूषित और अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई, जबकि कई खाद्य पदार्थों को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान की जानकारी देते हुए अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि जिले में निरीक्षण और नमूनीकरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। अभियान में दूध एवं दूध से बने उत्पाद, मसाले, मिठाइयां, घी, तेल, मावा और ड्राई फ्रूट की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।डॉ. साध के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक करीब 400 किलोग्राम फफूंद लगा दूषित मावा, 309 किलोग्राम दागी और बदबूदार बादाम, पिस्ता एवं अखरोट तथा 90 किलोग्राम गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करवाए गए हैं। इसके अलावा 735 किलोग्राम अवधिपार कालानमक भी नष्ट करवाया गया है।उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक 1250 किलोग्राम सूजी (हाई लाइफ), 3950 किलोग्राम आटा (शिवशक्ति ब्रांड), 750 लीटर धनश्री तेल और 2319 लीटर घी (वातुला, निजोन एवं वर्सेटाइल ब्रांड) सीज किया गया है। वहीं, जयपुर से पहुंची केंद्रीय टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 28 हजार किलोग्राम दूषित मैदा सीज किया गया। इसके साथ ही 2750 किलोग्राम अवधिपार मैदा पापड़ नष्ट करवाए गए। विभिन्न ब्रांड के लगभग 22 हजार किलोग्राम तेल को भी जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।100 से अधिक खाद्य नमूने जांच के लिए भेजेडॉ. साध ने बताया कि अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अब तक 100 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि वे मिलावटी और फफूंद लगे मावे का भंडारण या बिक्री नहीं करें। मावे को अखबार के कागज में रखकर भंडारित करना भी प्रतिबंधित है। पनीर, मावा, दूध और दूध से बनी मिठाइयों जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों का परिवहन निर्धारित कोल्ड चेन व्यवस्था के अनुसार किया जाए। साथ ही कचौरी, समोसे और पकौड़े आदि को अखबार या रंगीन कागज में परोसने से बचें तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के नमूनीकरण एवं निरीक्षण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, सोना रानी, ममता सोंग्रा, इंद्र प्रकाश ढाका एवं महावीर मेघवाल द्वारा की जा रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories