दीपावली पर कच्ची बस्तियों में खिले खुशियों के दीप, बच्चों को भोजन, मिठाई और पटाखे बांटकर मनाई खुशियों वाली दिवालीबीकानेर। दीपावली का असली आनंद तभी है, जब त्योहार की खुशियां हर चेहरे तक पहुंचे। इसी भावना को साकार करते हुए दीपावली विथ स्माइल संस्था की ओर से बीकानेर शहर की कच्ची बस्तियों में जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का पर्व खुशियों और उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर संस्था के सदस्य कच्ची बस्तियों में पहुंचे और वहां रहने वाले बच्चों को खाने के पैकेट, मिठाइयां और पटाखे वितरित किए। त्योहार के मौके पर बच्चों को जब मिठाइयां और पटाखे मिले तो उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की मुस्कान ने इस पहल को और भी खास बना दिया।संस्था का उद्देश्य उन बच्चों तक भी दीपावली की खुशियां पहुंचाना रहा, जो कई बार आर्थिक परिस्थितियों के चलते त्योहार का पूरा आनंद नहीं ले पाते। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के बीच समय बिताकर उन्हें अपनापन और खुशियों का एहसास कराया।इस पुनीत कार्य में संस्था प्रमुख विवेक स्वामी, लक्ष्यसिंह राठौड़ और जयकिशन जोशी ने सहयोग किया। संस्था की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की सार्थकता केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने में है।





