जालंधर/नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रख्यात लेखक योगेश कुमार गोयल को पत्रकारिता, साहित्य-सृजन और विचारपरक लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पंजाब कला साहित्य अकादमी के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय मीडिया अकादमी सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।22 नवंबर को जालंधर स्थित लायंस क्लब में आयोजित अकादमी के 30वें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। अकादमी अध्यक्ष एवं साहित्यकार सिमर सदोष, निदेशक डॉ. जगदीप सिंह, निदेशक नरेश मेहरा, मुख्य अतिथि राजेन्द्र बेरी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर अकादमी अध्यक्ष सिमर सदोष ने योगेश कुमार गोयल की पत्रकारिता और लेखन यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वे हिन्दी पत्रकारिता और विचारपरक लेखन के सशक्त हस्ताक्षर हैं। राजनीति, पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक नीति और मानवीय सरोकारों जैसे विविध विषयों पर उनका लेखन तथ्यपरक एवं सारगर्भित रहा है। जटिल विषयों को सरल और जनसुलभ भाषा में प्रस्तुत करना उनकी विशिष्ट पहचान है।पिछले 36 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय योगेश कुमार गोयल के लगभग 15 हजार लेख देश के प्रमुख समाचार पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इनमें दैनिक भास्कर, नवभारत टाइम्स, हिन्दुस्तान, अमर उजाला, राजस्थान पत्रिका, पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, जनसत्ता, हरिभूमि और विज्ञान प्रगति सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रकाशन शामिल हैं। आकाशवाणी से प्रसारित उनकी विशेष वार्ताओं को भी व्यापक सराहना मिली है।साहित्य के क्षेत्र में भी योगेश गोयल का उल्लेखनीय योगदान रहा है। मात्र 19 वर्ष की आयु में वर्ष 1993 में नशे के दुष्प्रभावों पर उनकी पहली पुस्तक ‘मौत को खुला निमंत्रण’ प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक के लिए जिला प्रशासन रोहतक सहित अनेक संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित किया था।उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘जीव-जंतुओं की अनोखी दुनिया’, ‘तीखे तेवर’, ‘दो टूक’, ‘प्रदूषण मुक्त सांसें’ तथा ‘सागर से अंतरिक्ष तक: भारत की रक्षा क्रांति’ शामिल हैं। पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान को यह सम्मान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




