डूंगर कॉलेज में संविधान दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, एमए की टीम ने मारी बाजीबीकानेर, 26 नवंबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में राजनीतिक विज्ञान परिषद की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ‘संविधान को जानो’ विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े सवालों के जवाब दिए।महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्र का संविधान सर्वोपरि है। प्रत्येक नागरिक को संविधान की जानकारी होनी चाहिए और देश में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किए।प्रतियोगिता में एमए के विद्यार्थियों की टीम एच ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए प्रथम सेमेस्टर की टीम सी द्वितीय तथा तृतीय सेमेस्टर की टीम सी तीसरे स्थान पर रही। इस अवसर पर राजनीतिक विज्ञान परिषद की ओर से स्थापित बुक बैंक के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में डॉ. प्रेरणा माहेश्वरी, डॉ. मैना निर्वाण, डॉ. सुनीता गोयल, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप महला एवं डॉ. सुनील पूनिया ने सक्रिय भूमिका निभाई।



