भीषण गर्मी में संकटमोचन हनुमान को अर्पित किया गया गन्ने, दही-लस्सी व फलों के रस का विशेष भोग

बीकानेर। शहर के श्री बड़ा हनुमान संकटमोचन हनुमान मंदिर में मंगलवार को भीषण गर्मी एवं उमस के बीच भगवान श्री हनुमान को गन्ने के रस, दही-लस्सी तथा विभिन्न मौसमी फलों के शीतल रस का विशेष भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर भगवान का मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा विशेष सुगंधित इत्र का लेप कर शीतलता प्रदान की गई।
मंगलवार के विशेष दिन सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संकटमोचन हनुमान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में “कीजो केसरी के लाल, मेरा छोटा सा यह काम…” भजन की मधुर प्रस्तुति से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। भजन-कीर्तन और जय श्री राम व जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
मंदिर के पुजारी विष्णु स्वामी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान को गन्ने के रस, दही-लस्सी एवं मौसमी फलों के रस का विशेष भोग अर्पित किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, दर्शन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के विशेष प्रबंध किए गए, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विशेष श्रृंगार के बाद भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दिनभर मंदिर में धार्मिक उल्लास, भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर समिति द्वारा किए गए सेवा-भावपूर्ण प्रबंधों की सराहना करते हुए बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *