श्री डूंगरगढ़। यूजीसी के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में देशनोक से जयपुर तक निकाली जा रही 600 किलोमीटर लंबी पदयात्रा मंगलवार को श्री डूंगरगढ़ पहुंची। यात्रा के दौरान रायसर, गुसाईंसर, सेरूणा, झंझेऊ, जोधासर एवं पुंडलसर सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों एवं युवाओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ पदयात्रा का भव्य स्वागत किया।
रायसर में राजेंद्र सिंह रायसर, नारायण सिंह रायसर एवं गणेश सिंह रायसर के नेतृत्व में स्वागत किया गया। गुसाईंसर में ओम सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का अभिनंदन किया। सेरूणा में रघुवीर सिंह सेरूणा एवं रणवीर सिंह सेरूणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वागत किया, जबकि झंझेऊ में भंवर सिंह झंझेऊ, सरपंच भंवर सिंह एवं भागीरथ सिंह सहित ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया। जोधासर में भवानी सिंह लक्खासर तथा पुंडलसर में स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक पदयात्रा का स्वागत किया।
क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि श्री डूंगरगढ़ पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पदयात्रा का ऐतिहासिक स्वागत किया। अग्रणी नेताओं को मालाओं से लाद दिया गया तथा पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
इसके पश्चात सैकड़ों लोगों की सहभागिता से विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान “यूजीसी रोल बैक” के नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
सभा को संबोधित करते हुए महिपाल सिंह मकराना एवं करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि यूजीसी का यह कानून समाज और विद्यार्थियों के हितों के विरुद्ध है। उन्होंने सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो जयपुर के बाद दिल्ली में भी व्यापक जनआंदोलन एवं सरकार का घेराव किया जाएगा।





