अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन बीकानेर जिला इकाई की बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार, सामाजिक सुधार एवं अग्रसेन जयंती को भव्य बनाने पर बनी रणनीति

बीकानेर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, बीकानेर जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष सुशील बंसल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, समाज में एकता बढ़ाने तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य आजीवन सदस्यता ग्रहण करेंगे तथा अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को नई जिम्मेदारियां एवं पदभार भी सौंपे गए।

बैठक में आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर विशेष चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि बीकानेर शहर की सभी अग्रवाल संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय से इस वर्ष अग्रसेन जयंती पर भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही समाज में पारिवारिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से सामाजिक गोठ का आयोजन भी किया जाएगा।

बैठक में समाज में बढ़ते प्री-वेडिंग फोटोशूट के चलन पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक मर्यादाओं एवं पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए इस विषय पर समाज में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

युवक-युवतियों के विवाह में आ रही कठिनाइयों पर भी गंभीरता से विचार किया गया। समाज के योग्य युवक-युवतियों को उचित जीवनसाथी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निकट भविष्य में एक भव्य परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी नियमित रूप से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी, ताकि पात्र परिवार इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।

संगठन ने यह भी संकल्प लिया कि बीकानेर की सभी अग्रवाल संस्थाओं को एकजुट कर सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समन्वित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे समाज की एकता और संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा मिल सके।

बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद अग्रवाल परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समाज में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा नई पीढ़ी को संस्कारयुक्त वातावरण देने का भी संकल्प लिया गया।

पर्यावरण संरक्षण को समाज का दायित्व मानते हुए डिस्पोजल सामग्री एवं पॉलीथिन के उपयोग का बहिष्कार करने तथा पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन की गतिविधियों की नियमित समीक्षा एवं भावी योजनाओं के निर्माण के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुशील बंसल, महामंत्री गोपाल अग्रवाल, जय किशन अग्रवाल, संपत जोहरी, प्रमोद कुमार देवड़ा, सुमन जैन, रवि राजवंशी, लूणकरणसर से पधारे अंकित अग्रवाल, शिवरतन जी अग्रवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं गणमान्य अग्रबंधु उपस्थित रहे। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा अग्रवाल समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *