बीकानेर, 15 नवंबर। समय से पहले जन्म लेना किसी बच्चे के बेहतर भविष्य की राह में बाधा नहीं है। उचित उपचार, पौष्टिक आहार, मां का स्नेह और नियमित चिकित्सकीय देखभाल से प्रीमैच्योर बच्चे भी स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकते हैं। जरूरत है तो केवल समय रहते विशेष देखभाल और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी नियमित निगरानी की। इसी संदेश के साथ रविवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग में विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह (15 से 21 नवंबर) का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम में माताओं एवं परिजनों को समयपूर्व जन्मे शिशुओं की विशेष देखभाल, उपचार, पोषण, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा भविष्य में संभावित स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति जागरूक किया गया।हर दस में एक बच्चा समय से पहले लेता है जन्मशिशु रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. पवन डारा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनियाभर में जन्म लेने वाले प्रत्येक दस बच्चों में से लगभग एक बच्चा समयपूर्व जन्म लेता है। गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं को प्रीटर्म बेबी कहा जाता है। ऐसे बच्चों में सांस लेने में परेशानी, संक्रमण, शरीर का तापमान बनाए रखने में कठिनाई, दूध पीने में समस्या और पीलिया जैसी जटिलताओं की आशंका अधिक रहती है।उन्होंने बताया कि कंगारू मदर केयर, केवल मां का दूध, शिशु को गर्म रखना और हाथों की स्वच्छता संक्रमण से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं। समयपूर्व जन्मे बच्चों का कम से कम दो वर्ष की आयु तक नियमित फॉलोअप करवाना चाहिए। इसमें वजन एवं शारीरिक विकास की निगरानी, आंखों की आरओपी जांच, सुनने की क्षमता का परीक्षण और समय पर टीकाकरण विशेष रूप से जरूरी है।ममता कार्ड में दर्ज जानकारी को समझना भी जरूरीकार्यक्रम संयोजक सहायक आचार्य डॉ. लक्ष्मण सिद्ध ने ममता कार्ड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल टीकाकरण का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि इसमें शिशु के वजन, विकास के विभिन्न पड़ावों और खतरे के लक्षणों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी होती हैं। परिजनों को इसे ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए और प्रत्येक अस्पताल भ्रमण के दौरान साथ लाना चाहिए।उन्होंने बताया कि यदि नवजात शिशु दूध पीना बंद कर दे, अत्यधिक सुस्त रहे, तेज सांस ले, बुखार आए, शरीर ठंडा पड़े, झटके आएं अथवा हथेली और तलवे पीले दिखाई दें तो बिना देरी किए चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।’छोटे शिशु, बड़ी संभावनाएं’ है इस वर्ष की थीमडॉ. विशाल कटेवा ने विश्व प्रीमैच्योरिटी दिवस की इस वर्ष की थीम ‘Small babies, big potential: Invest in follow-up care to protect their future’ पर जानकारी देते हुए कहा कि छोटे आकार और कम वजन के साथ जन्म लेने वाले शिशुओं में भी जीवन की अपार संभावनाएं होती हैं। उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए एनआईसीयू से छुट्टी मिलने के बाद भी नियमित फॉलोअप, समय पर जांच और निरंतर देखभाल आवश्यक है।शिशु वार्ड एवं बी-ब्लॉक स्थित गायनिक नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माताओं एवं परिजनों से संवाद किया गया। उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया गया। कार्यक्रम में डॉ. संजय सहित रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं परिजनों ने सहभागिता निभाई।पूरे सप्ताह होंगे जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रमशिशु रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जी.एस. तंवर ने बताया कि राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के अंतर्गत 21 नवंबर तक प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा नवजात एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को मजबूती देना है।





