रामचरितमानस के आदर्श पात्रों से मिलती है जीवन की प्रेरणा, संतों ने दिया धर्म और मर्यादा का संदेशबीकानेर। धनीनाथ गिरी मठ पंच मंदिर प्रांगण में ब्रह्मलीन स्वामी श्री सोमेश्वरानंद भारती जी महाराज के 34वें निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पंचदिवसीय निर्वाण महोत्सव के द्वितीय दिवस पर संतों के प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस अवसर पर निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु बीकानेर स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि रामचरितमानस भारत का आदर्श ग्रंथ है। गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने वेदों के सार को सरल भाषा में प्रस्तुत कर समाज को जीवन जीने की श्रेष्ठ सीख दी है। रामचरितमानस का प्रत्येक पात्र भारतीय समाज के लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि मनुष्य रामचरितमानस से जीवनोपयोगी शिक्षा ग्रहण कर अपने भीतर के पशुभाव को दूर कर सकता है तथा सद्गुणों, मर्यादा और मानवीय मूल्यों को आत्मसात कर सकता है। वेदों को गहराई से समझने के लिए वेदांगों का अध्ययन भी आवश्यक है।कार्यक्रम में हरिद्वार से पधारे संत श्री मोहन दास जी महाराज, संत श्री तपेश्वर दास जी महाराज तथा मेरठ से पधारे महंत स्वामी श्री भगवत भारती जी महाराज ने धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति पर प्रेरणादायी प्रवचन दिए।निर्वाण महोत्सव के द्वितीय दिवस पर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए ‘मंदोदरी एवं सुलोचना चरित्र’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें लक्ष्य तँवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ध्रुव छाबड़ा एवं चंद्रेश लड्ढा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का भी उल्लेख किया गया।इस अवसर पर वैद्य वाचस्पति जोशी, श्री गोपाल व्यास, शंकर सिंह राठौर, अरुण पुरोहित, अशोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।





