रानी पद्मावती के त्याग, शौर्य और अदम्य साहस ने किया प्रेरितमहिला शिक्षकों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों एवं संगठनात्मक भागीदारी पर हुआ मंथन

बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा जिला बीकानेर द्वारा रविवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरसागर, बीकानेर में महिला शैक्षिक सम्मेलन का आयोजन प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी स्वामी के आतिथ्य एवं प्रदेश सचिव रवि आचार्य के मार्गदर्शन में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। सम्मेलन में जिले की महिला शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठनात्मक सशक्तीकरण, नारी स्वाभिमान, महिला अधिकारों, सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।सम्मेलन में चार सत्रों के माध्यम से संगठन परिचय, संगठन का इतिहास, वीरांगना रानी पद्मावती का प्रेरणादायी व्यक्तित्व, शैक्षिक नवाचार तथा महिला शिक्षकों की समस्याओं एवं समाधान पर सार्थक चर्चा हुई।प्रथम सत्र : संगठन परिचय एवं संगठनात्मक सशक्तीकरणप्रथम सत्र में रचना गुप्ता एवं शिखा एरन ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य, कार्यपद्धति, राष्ट्रव्यापी विस्तार तथा शिक्षक हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी सक्रिय सदस्यता और सामूहिक सहभागिता में निहित है। महिला शिक्षकों को संगठन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए अपनी भागीदारी और अधिक प्रभावी बनानी चाहिए। सत्र का संचालन जिला महिला मंत्री बबीता वर्मा ने किया।द्वितीय सत्र : वीरांगना रानी पद्मावती का त्याग, शौर्य और स्वाभिमान बना नारी शक्ति की प्रेरणाद्वितीय सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी स्वामी एवं प्राचार्य उर्वशी शर्मा ने वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन, व्यक्तित्व, त्याग, अदम्य साहस, स्वाभिमान और नारी गरिमा के ऐतिहासिक प्रसंगों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।श्रीमती लक्ष्मी स्वामी ने रानी पद्मावती के जीवन को भारतीय नारी के आत्मसम्मान, दृढ़ संकल्प और असाधारण साहस का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि रानी पद्मावती का व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान, मूल्यों और गौरव की रक्षा सर्वोपरि होती है। उनका जीवन नारी शक्ति, आत्मगौरव और अडिग संकल्प की ऐसी प्रेरणा है, जो पीढ़ियों तक समाज को दिशा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि आज की महिला शिक्षिका भी अपने ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन सकती है।अध्यक्षता करते हुए उर्वशी शर्मा ने रानी पद्मावती के ऐतिहासिक व्यक्तित्व एवं उनके साहसपूर्ण जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय इतिहास की वीरांगनाओं ने अपने त्याग, शौर्य और आत्मसम्मान से नारी शक्ति की गौरवशाली परंपरा स्थापित की है। रानी पद्मावती का जीवन हमें आत्मसम्मान, दृढ़ इच्छाशक्ति, संस्कारों और अपने मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नई पीढ़ी को भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूतियों से परिचित करवाने की आवश्यकता बताई, ताकि उनमें राष्ट्र गौरव, सांस्कृतिक चेतना और आत्मसम्मान के भाव विकसित हों।वक्ताओं ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की सशक्त शक्ति भी है। महिला शिक्षिकाएं अपने शिक्षण, संस्कार एवं सामाजिक दायित्वों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का संचार कर सकती हैं। सत्र का संचालन नीलम सक्सेना ने किया।तृतीय सत्र : शैक्षिक नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर मंथनतृतीय सत्र में जिज्ञासा एवं समाधान के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। प्रभावी प्रार्थना सभा, नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षक को नवाचार, रचनात्मकता और विद्यार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना होगा। प्रार्थना सभा को केवल नियमित गतिविधि न मानकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम बनाने पर बल दिया गया।चतुर्थ सत्र : खुला संवाद, समस्याओं पर चर्चा एवं समाधानचतुर्थ सत्र में खुले संवाद का आयोजन हुआ, जिसमें मीरा वर्मा, अनुसुइया जी, किरण राठौड़, भारती तनेजा, मधुरानी (प्राचार्य), रूपा रामावत, मीना, सीमा जोशी एवं अनीता दोचानिया सहित विभिन्न वक्ताओं ने महिला शिक्षकों की कार्यस्थल संबंधी चुनौतियों, सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों, पारिवारिक जिम्मेदारियों एवं संगठन में सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।वक्ताओं ने कहा कि महिला शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, उनके लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण तथा संगठनात्मक निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। संवाद के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए और सामूहिक प्रयासों से समस्याओं के समाधान का संकल्प व्यक्त किया गया।संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का रहा सहयोगसम्मेलन के सफल आयोजन में संगठन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बिश्नोई, जिलाध्यक्ष दानाराम भादू एवं जिलामंत्री नरेन्द्र आचार्य का विशेष संबलन एवं सहयोग रहा। इनके साथ जिले की विभिन्न शाखाओं की महिला शिक्षिकाओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।सम्मेलन के सभी सत्रों में महिला शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और विचारों के आदान-प्रदान ने आयोजन को सार्थक एवं प्रेरणादायी बनाया। सम्मेलन का मूल उद्देश्य मातृशक्ति को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाते हुए शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post