बीकानेर। पूर्णिमा और देव दिवाली के पावन अवसर पर मंगलवार को बीकानेर के खाटू श्याम मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दोपहर 3 बजे से भव्य सुंदरकांड पाठ होगा। कार्यक्रम में श्रद्धालु सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर हनुमान जी की महिमा का गुणगान करेंगे।आयोजन के दौरान भक्ति संगीत और भजनों की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी। साथ ही बाबा का भव्य राम दरबार सजाया जाएगा और वीर हनुमान जी का गुणगान किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाकर भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा।मंदिर ट्रस्ट के सदस्य ओम जिंदल ने बताया कि पूर्णिमा और देव दिवाली के पावन संयोग को देखते हुए इस विशेष आयोजन की तैयारियां की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर सुंदरकांड पाठ में शामिल होने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।



