“जनसैलाब ने कहा- भिंडा अमर हैं पुण्यतिथि पर स्वच्छ राजनीति व जनसेवा के संकल्प से गूंजी श्रद्धांजलि सभा”

सीकर, [मुहम्मद सादिक]। फतेहपुर शेखावाटी में पूर्व विधायक एवं जनप्रिय नेता स्व. बनवारी लाल भिंडा की अष्टम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा जनआस्था, सम्मान और भावनाओं का विराट संगम बन गई। हज़ारों लोगों की उपस्थिति ने स्पष्ट कर दिया कि स्व. भिंडा आज भी जन-जन के हृदय में जीवित हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों ने दलगत भेदभाव से ऊपर उठकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वच्छ राजनीति का जीता-जागता उदाहरण थे भिंडा : खर्रा
सभा को संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि “आज की राजनीति में जिस सुचिता, सादगी और जनसेवा की कमी महसूस होती है, उसका जीवंत उदाहरण स्वर्गीय बनवारी लाल भिंडा थे।” उन्होंने कहा कि पहले की राजनीति सेवा और मूल्यों पर आधारित थी, जबकि आज उस नैतिकता का अभाव दिखता है। स्व. भिंडा ने अपना संपूर्ण जीवन जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इन नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन:
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद संतोष अहलावत, विधायक सुभाष मील, विधायक शुभकरण चौधरी, विधायक हाकम अली खान, पूर्व विधायक नंदकिशोर महरिया, महेश शर्मा, कमल सिखवाल, बाबू सिंह बाजोर, तेज प्रकाश सैनी, दिनेश जोशी, मंडावा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सजन मिश्रा, विजयनाथ जी महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर पुष्पांजलि अर्पित की।
“बिंदास व्यक्तित्व, निष्कलंक छवि के प्रतीक”:
वक्ताओं ने कहा कि स्व. भिंडा ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से समाज के हर वर्ग की सेवा की। वे बिंदास व्यक्तित्व, निष्कलंक छवि और स्वच्छ राजनीति के प्रतीक थे। उन्होंने 36 कौम को साथ लेकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण का जो मार्ग दिखाया, उस पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में कांग्रेस, भाजपा, कम्युनिस्ट सहित विभिन्न दलों के नेता, पार्षद, पूर्व जनप्रतिनिधि और सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।
पर्यावरण व गौसेवा का भी लिया संकल्प:
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत श्री लक्ष्मीनाथ नंदीशाला परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं गौसेवा का संदेश देते हुए 501 पौधे रोपे गए तथा गौवंश को हरा चारा खिलाकर सेवा की गई। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मधुसूदन भिंडा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. भिंडा का जीवन समाजसेवा, ईमानदारी और जनविश्वास की ऐसी विरासत है, जिसे आगे बढ़ाना हम सबका कर्तव्य है।
भिंडा : जनता के दिलों में बसे जननेता
अष्टम पुण्यतिथि पर उमड़ी यह अभूतपूर्व भीड़ एक बार फिर साबित कर गई कि स्व. बनवारी लाल भिंडा केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता के दिलों में बसने वाले ऐसे जननेता थे, जिनकी सादगी, स्वच्छ राजनीति और निस्वार्थ जनसेवा की मिसाल युगों-युगों तक याद रखी जाएगी।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *