बीकानेर। नगर निगम महापौर चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने जीत दर्ज कर बीकानेर के नए महापौर का पद हासिल कर लिया है। सोमवार को हुए मतदान में अनिल कल्ला को 50 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह शेखावत को 30 वोट प्राप्त हुए। इस तरह अनिल कल्ला ने 20 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
बीकानेर नगर निगम में महापौर पद के लिए सोमवार सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के दौरान दोनों प्रमुख दल अपने-अपने पार्षदों को बाड़ेबंदी से नगर निगम लेकर पहुंचे। भाजपा के पार्षद अलग-अलग वाहनों से निगम पहुंचे, जबकि कांग्रेस के पार्षद एकजुटता दिखाते हुए एक ही बस में नगर निगम पहुंचे।
मतदान को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दोनों प्रत्याशी अनिल कल्ला और सुरेंद्र सिंह शेखावत भी सुबह ही नगर निगम पहुंच गए थे।
बीकानेर नगर निगम में कुल 80 पार्षद हैं। हालिया वार्ड चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा के 27, निर्दलीय 10 और आरएलपी का एक पार्षद चुना गया था।
मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की गई। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और अनिल कल्ला को विजयी घोषित किया गया। वहीं भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत को 30 वोट मिले।
महापौर चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच पार्षदों को अपने पाले में बनाए रखने और निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज थीं। मतदान के नतीजों के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रहा महापौर चुनाव का सस्पेंस भी खत्म हो गया।


